बेखौफ बाइक सवार युवक ने वेस्ट एंड रोड पर की स्टंटबाजी
मेरठः शहर के वेस्ट एंड रोड पर बाइक सवार युवक ने खतरनाक स्टंट किए। तेज गति में स्पोर्ट्स बाइक पर एक युवक ने लोगों की जान भी खतरे में डाल दी। इससे यहां दहशत फैल गई। पुलिस बाइक सवार की पहचान का प्रयास कर रही है।
गणतंत्र दिवस पर सुबह के समय शहर में स्कूलों सहित विभिन्न जगहों पर कार्यक्रम हो रहे थे। वहीं एक बाइक सवार युवक कैंट स्थित वेस्ट एंड रोड पर खतरनाक स्टंट कर रहा था। इस दौरान यहां से गुजर रहे लोग उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बचे। बावजूद इसके बाइक सवार बेखौफ होकर स्टंट करता रहा। हालांकि पुलिस ने दावा किया था कि वेस्ट एंड रोड पर बाइकों से स्टंट नहीं होने दिया जाएगा। स्टंटबाजी को रोकने के लिए पुलिस लगातार गश्त पर रहेगी। इसके बावजूद पुलिस सुबह से दोपहर तक वेस्ट एंड रोड से नदारद रही।

