दवा व्यापारी के बेटे ने गोली मारकर की आत्महत्या, कार में मिला शव
अलीगढ़ : घर से जिम के लिए निकले दवा व्यापारी के बेटे ने सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह शव तालानगरी के आवासीय क्षेत्र में उसी की कार की चालक सीट पर मिला। बंद गाड़ी में ही चाबी, मोबाइल फोन, पर्स, अवैध पिस्टल व कारतूस मिले। फोन में एक युवती से चैट मिली है। पुलिस जांच में प्रथमदृष्टया घटना के पीछे प्रेम प्रसंग में विवाद सामने आया है। स्वजन ने घटना की जांच की मांग की है। देर शाम तक तहरीर नहीं दी थी।
शहर की कावेरी वाटिका सोसायटी के राजकुमार यादव का अकराबाद में मेडिकल स्टोर है। मूलरूप से वे इसी कस्बे के हैं। इनकी मां राजवती वर्ष 2010 में प्रधान रही थीं। राजकुमार ने बताया कि सबसे छोटा बेटा 22 वर्षीय समीर पढ़ाई में कमजोर था। 10वीं कक्षा प्राइवेट से पास की। 12वीं कर रहा था। व्यापार में भी हाथ बंटाता था। रविवार को छोड़कर रोजाना दुकान जाता था। शाम सात से 10 बजे तक किशनपुर तिराहा स्थित जिम में रहता था। रविवार शाम को सात बजे कार लेकर निकला था।
रात तक नहीं आया। सुबह सात बजे रामघाट रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने सर्विस लेन में टहल रहे राहगीर को सड़क किनारे कार में शव नजर आया। एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि स्वजन ने किसी तरह की कलह या तनाव से इन्कार किया है।

