नए साल पर बुजुर्गों को मिलेगा उपहार
यूपी, गोरखपुर भाग दौड़ भरी जिंदगी में शहर के तमाम घरों के युवा व बच्चे रोजाना नौकरी और स्कूल-कालेज निकल जाते हैं। ऐसे में घर में रह जा रहे बुजुर्गों को अब अकेले घंटों बोर नहीं होना पड़ेगा। वे अपने हमउम्र बुजुर्गों के साथ तमाम तरह के मनोरंजन के बीच समय बीता सकेंगे। साथ की उनकी देखरेख भी हो सकेगी।
शाम होने पर या अपनी इच्छानुसार दिन में वे कभी भी अपने घर लौट सकेंगे। यह संभव होगा सीनियर सिटिजन डे केयर सेंटर से, जिसका निर्माण कार्य 31 दिसंबर 2024 तक पूरा कर लिए जाने का नगर निगम दावा कर रहा है।
गोरखपुर क्लब के सामने सिटीजन डे केयर सेंटर के साथ ही नगर निगम के जोनल कार्यालय-तीन का निर्माण कार्य अब आखिरी चरण में है। दोनों ही परियोजनाओं के निर्माण पर कुल 12.48 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें सिटीजन डे केयर सेंटर पर 2.49 करोड़ और इसी के साथ बनने वाले अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर एंड जोनल कार्यालय की लागत करीब 9.99 करोड़ रुपये आएगी।
इस सेंटर के बन जाने से दिन में अकेले रहने वाले बुजुर्गों को हमउम्र लोगों के साथ कई तरह के मनोरंजन के बीच समय व्यतीत करने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस परियोजना का शिलान्यास किया था। स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत 3441 वर्ग मीटर में सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर एवं अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर और जोनल आफिस तीन का निर्माण कार्य दिसंबर 2023 में शुरू हुआ था। नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय चौहान के मुताबिक सीनियर सिटीजन केयर सेंटर व जोनल कार्यालय की संरचना, फिनिशिंग का कार्य पूरा हो चुका है। चहारदीवारी व बोरिंग का काम भी पूरा हो गया है। अब सिर्फ इंटीरियर, विजली, सेनेटरी एवं फालसिलिंग का कार्य चल रहा है, जो आखिरी चरण में है। सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर में बुजुर्गों की सेहत और उनकी देखरेख के साथ ही उनके मनोरंजन का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।


