घूसखोरी में गिरफ्तार लेखपाल निलंबित, भेजा गया जेल
प्रयागराज : घूसखोरी मेंगिरफ्तार मेजा तहसील में कार्यरत लेखपाल राघवेंद्र कुमार यादव को निलंबित करते हुए विभागीय जांच बैठा दी गई है। इसके साथ ही उसे एंटी करप्शन कोर्ट वाराणसी में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। कहा गया है कि आंतरिक जांच में साक्ष्य संकलित करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। मेजा नेवढ़ियाकला बम्भनी गांव निवासी साकेत कुमार मिश्रा की भूमिधरी जमीन पर तेजबली गुप्ता द्वारा कब्जा कर लिया गया था।
साकेत ने डीएम से लेकर अन्य अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद राजस्व अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पत्थरगड़ी करवाई। आरोप है कि विपक्षी ने पत्थर को उखाड़कर फेंक दिया। तब साकेत ने फिर एसडीएम से शिकायत की तो तहसीलदार से मिलने के लिए कहा गया।
चार दिन पहले लेखपाल ने वाट्सएप पर काल किया और फिर मिलने पर उसने काम करने के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। गोपनीय जांच में शिकायत सही पाई गई तो बुधवार दोपहर विजिलेंस टीम ने लेखपाल राघवेंद्र को घूस लेते ट्रैप किया। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा लिखा गया। गुरुवार को आरोपित को विजिलेंस टीम ने कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की।

