बाबा राम निहाल दास कुटी पर लगे मेले में उमड़ी भीड़
बस्ती। जिले के विकास खंड दुबौलिया के सरयू तट पर स्थित बाबा राम निहाल दास कुटी उमरिया में यम द्वितिया पर लगे विशाल मेले में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही। भोर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा के प्रतिमा का दर्शन कर मनोकामना पूरा होने की कामना किया।
बाबा राम निहाल दास कुटी पर शनिवार की भोर से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ।जो शाम तक जारी रहा। जिले के दूर दराज से आए व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानें को लगा रखा थे। मेले में आए लोगों ने जमकर खरीदारी की। मंदिर परिसर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा राम निहाल दास की प्रतिमा का दर्शन किया।
लोगों की मान्यता है कि जो लोग इस मंदिर पर पहुंचकर सच्चे मन से मनौती व मन्नत मांगते हैं उनकी मुराद पूरी होती है। यहां पर प्रत्येक मंगलवार को मेला भी लगता है। प्रत्येक वर्ष यम द्वितीया को विशाल मेले का आयोजन होता है। मेले में बस्ती के अलावा,सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर व अंबेडकरनगर के लोग भी आते हैं।
मेले की सुरक्षा में दुबौलिया पुलिस के अलावा कप्तानगंज, कलवारी, लालगंज, नगर की पुलिस के साथ यातायात पुलिस उपस्थित रही। प्रभारी निरीक्षक दुबौलिया संध्या रानी तिवारी फोर्स के साथ भ्रमण करती रही।


