आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा दो दिन में कराने की तैयारी
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) समीक्षा अधिकारी (आरओ) व सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) प्रारंभिक परीक्षा दो दिन में कई सत्रों में आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। यह तैयारी उत्तर प्रदेश परीक्षा अध्यादेश में पांच लाख से अधिक परीक्षार्थी होने पर कई पालियों में कराने के निर्देश के क्रम में की जा रही है।
आयोग ने नई परीक्षा योजना लागू करते हुए प्रारंभिक परीक्षा के दो प्रश्नपत्रों (सामान्य अध्ययन और सामान्य हिंदी) को एक ही प्रश्नपत्र में समाहित कर दिया है। यूपीपीएससी ने 22 दिसंबर को प्रस्तावित इस परीक्षा के लिए नई परीक्षा योजना तैयार की है। इसके तहत सामान्य अध्ययन और सामान्य हिंदी दोनों के 200 प्रश्न होंगे। इसमें
140 प्रश्न सामान्य अध्ययन के और 60 प्रश्न हिंदी के होंगे। पूर्व में यह दोनों प्रश्नपत्र अलग-अलग पालियों में होते थे। 411 पदों की इस भर्ती के लिए 10,76,004 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। पेपर लीक के कारण 11 फरवरी को होने के बाद निरस्त हुई परीक्षा 58 जिलों में हुई थी। पेपर लीक के बाद सरकार ने परीक्षा की शुचिता और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए उप्र परीक्षा अध्यादेश अधिसूचित किया था। सभी आयोगों को निर्देश दिया गया था कि एक पाली में यथासंभव पांच लाख अभ्यर्थी ही हों। इससे अधिक होने पर कई पालियों में परीक्षा कराई जा सकती है।
परीक्षा केंद्र फाइनल होने के बाद सीट मैट्रिक्स होगा तैयार
आयोग अभी आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा के लिए केंद्र फाइनल कर रहा है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षा केंद्र और परीक्षार्थियों के आधार पर मैट्रिक्स यानी सीट प्लानिंग तैयार की जाएगी। इसके बाद आयोग परीक्षा के सत्रों की संख्या पर और अधिक स्थिति स्पष्ट कर सकेगा।


