प्रयागराज में दो मासूम बेटियों को चाकू से गोदने के बाद पिता ने लगाई फांसी
प्रयागराज। शहर में रविवार को दिन दहलाने वाली एक घटना हुई। दो मासूम बच्चियों की नृशंस हत्या करने के बाद पिता ने फंदे पर लटककर जान दे दी। इस दौरान किसी को बच्चियों की चीख सुनाई नहीं दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला। घटना का कारण साफ नहीं है, लेकिन प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह मानकर पुलिस जांच कर रही है।
35 वर्षीय मनीष उर्फ लल्ला प्रजापति पेंटिंग का काम करता था। किराए का कमरा लेकर दो साल से पत्नी संगीता, पांच साल की बेटी नैंसी और तीन वर्ष की बेटी खुशबू के साथ रहता था। मनीष रविवार को काम पर नहीं गया था। दोपहर में पत्नी सामान खरीदने के लिए बाजार गई थी। इसी बीच मनीष ने चाकू से गोद-गोदकर दोनों बेटियों को मौत के घाट उतार दिया। फिर खुद भी रस्सी का फंदा बनाकर पंखे के चुल्ले से लटक गया।


