इवि के छात्र को रैगिंग के नाम पर किया परेशान, कमरे में तोड़फोड़
प्रयागराज : इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष के छात्र मृत्युंजय को रैगिंग के नाम पर परेशान करने और विरोध पर मारपीट व तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर कर्नलगंज पुलिस ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में तृतीय वर्ष के छात्र आशुतोष मौर्या व 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कायम किया है।
बताया गया है कि गाजीपुर के सिकंदर फुल्लमपुर निवासी मृत्युंजय कुमार इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसका आरोप है कि सीनियर छात्र आशुतोष क्लास में और बाहर रैगिंग के नाम पर जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए कमेंट व गाली-गलौज करता है। विरोध पर कुछ दिन पहले आशुतोष कई साथियों के साथ दरवाजा तोड़कर उसके कमरे में घुस आया। इसके बाद मारपीट की और कमरे में रखा सामान तोड़ दिया।

