मरीज की मौत, चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप
आगरा। नूरी दरवाजा रोड पर स्थित अस्पताल में शुक्रवार को इलाज के दौरान फिरोजाबाद के मरीज की मृत्यु हो गई। स्वजन ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया।
फिरोजाबाद के गांधी नगर के गोपाल गुप्ता (शेंकी) ने बताया कि 24 सितंबर को पिता रमाशंकर गुप्ता को पेशाब न होने की परेशानी पर फिरोजाबाद में डा. अनुभव अग्रवाल को दिखाया था। 25 सितंबर को पिता की तबियत अधिक खराब होने पर डा. अनुभव के कहने पर उनके आगरा स्थित नेफ्रो यूरोलाजिकल सेंटर में भर्ती कराया था। गुरुवार को दोपहर में पिता की तबियत खराब होने पर डा. अनुभव को कई फोन किए। वो तीन घंटे बाद आए। हालत न संभलने पर पिता को कहीं और रेफर करने को कहा पर, डा. अनुभव ने मना कर दिया। शुक्रवार सुबह साढ़े छह बजे पिता की मृत्यु हो गई। डाक्टर की लापरवाही से पिता की जान गई है। प्रभारी निरीक्षक एमएमगेट अजब सिंह ने बताया कि हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। स्वजन की शिकायत पर पोस्टमार्टम कराया गया है। स्वजन ने तहरीर नहीं दी है।
डा. अनुभव अग्रवाल ने कहा
डा. अनुभव अग्रवाल का कहना है कि मरीज को पेनिक्रिएटाइटिस की गंभीर समस्या थी। इलाज से तबीयत में सुधार हुआ था। सुबह पौने सात बजे दौरा पड़ा। हार्ट ने काम करना बंद कर दिया। करीब एक घंटे तक मरीज को बचाने के लिए प्रयास किए गए। पोस्टमार्टम से स्पष्ट हो जाएगा। अभद्रता की शिकायत थाने में की है।


