चेन्नई में कचरे के ढेर में मिला बेशकीमती हीरे का हार
तमिलनाडु के चेन्नई में कचरे के अंबार से लाखों की कीमत का हीरे का हार मिला। यह हार एक शख्स का था, जिसे उसने दो दिन पहले गलती से कूड़ेदान में फेंक दिया था। नगर निगम की टीम ने शख्स की मदद की। कूड़े के ढेर में उन्होंने हार को ढूंढ निकाला और शख्स को सौंप दिया।
पूरा मामला विरुगमबक्कम (Virugambakkam) इलाके का है। यहां रहने वाले देवराज नाम के शख्स ने गलती से घर में रखे हीरे के हार को खो दिया था। देवराज की मां ने यह हीरे का हार अपनी बेटी को शादी के उपहार के तौर पर दिया था और कुछ ही दिनों बाद उसकी शादी होनी थी।
हीरे का हार गुम होने के बाद देवराज को याद आया कि उसने गलती से उसे एक माला के साथ कूड़ेदान में फेंक दिया था. उसने नगर निगम कॉर्पोरेशन की टीम को फोन किया। उन्हें पूरी बात बताई। नगर निगम कॉर्पोरेशन की टीम देवराज के साथ उस जगह पहुंची जहां वो कूड़ा फेंकने गए थे। जिस जगह देवराज ने कूड़ा फेंका था।
वहां शहर के अन्य लोग भी कचरा फेंकते हैं। इस कारण वहां कूड़े का अंबार था। हीरे के हार को इसी कचरे में ढूंढा जाना था। टीम ने अपना काम शुरू किया। कड़ी मेहनत के बाद टीम को माला में लिपटा हीरे का हार मिल गया। यह देख देवराज ने राहत की सांस ली।


