डीआईजी संजीव त्यागी ने किया छावनी थाने का निरीक्षण, कानून-व्यवस्था व जनसुनवाई पर दिया जोर
बस्ती। बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव त्यागी ने गुरुवार को जनपद बस्ती के थाना छावनी का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी हरैया, कलवारी और रुधौली मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना कार्यालय, साइबर सेल, मिशन शक्ति केंद्र, भोजनालय, शस्त्रागार और थाना परिसर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और साइबर अपराधों से निपटने की तैयारियों की जांच की। स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। चौकीदारों को सतर्क रहकर समय-समय पर सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद डीआईजी ने जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध रोकथाम, मिशन शक्ति, बाढ़ राहत कार्यों और जनसंवाद को मजबूत बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ चौकी और प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर राहत एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को जनसेवा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।