पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से हुई छात्र की मौत
बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के बैरिहवा मोहल्ले में रहने वाले सीबीएसई के 12वीं के छात्र ने फंदे से लटक कर सोमवार को जान दे दी थी। शहर कोतवाल राणा डीपी सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मृत्यु की वजह पाई गई है।
संतकबीर नगर के धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के बौरव्यास गांव निवासी छात्र आदर्श पांडेय पुत्र राजेश वैरिहवा मोहल्ले में किराये पर कमरा लेकर पढ़ाई कर रहा था। वह रामबाग स्थित सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 12वीं का छात्र था। सोमवार को उसने कमरे में फंदे से लटक कर जान दे दी थी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने दरवाजा तोड़कर रोशनदान के सरिया के सहारे मफलर के फंदे से लटका शव उतरवा कर स्वजन को जानकारी दी थी। उसके सहपाठियों ने बताया कि उसका भौतिक विज्ञान की परीक्षा का प्रश्नपत्र खराब हो गया था। परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन न कर पाने की वजह से वह अवसाद में था। डिप्रेशन में आकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
