रोटावेटर बना काल, युवक की गई जान
प्रयागराज। बेनीपुर गांव में शनिवार सुबह ट्रैक्टर से जोताई करते समय रोटावेटर में फंसने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उठाकर अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने बताया कि उसकी मौत हो चुकी है।
ग्राम पंचायत पीडी के नेगुडा. निवासी 28 वर्षीय आदर्श दुवे पुत्र राजेश दुबे अपने चाचा अरविंद दुबे के साथ पड़ोसी गांव बेनीपुर में अपने ट्रैक्टर से खेत की जोताई के लिए गया था। जोताई के दौरान रोटावेटर पर बैठा आदर्श उसमें फंस गया। वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया। चाचा अरविंद उसे ग्रामीणों की मदद से एसआरएन अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के वक्त ट्रैक्टर चला रहे चाचा अरविंद ने बताया कि जोताई के समय आदर्श ने ट्रैक्टर के आगे आकर उसे निचले गेयर में चलाने के लिए कहा।
ट्रैक्टर की रफ्तार लो गेयर के बाद धीमी हुई तभी पीछे से आदर्श के चीखने की आवाज आई। अरविंद के मुताबिक, वह ट्रैक्टर से उतरकर पीछे गए तो आदर्श लहूलुहान पड़ा था। उसके आवाज लगाने पर ग्रामीण मौके पर आ गए।


