नाले में डूबकर कक्षा नौ की छात्र की मौत
सिद्धार्थनगर : बांसी कस्बे के नरकटहा रानी लक्ष्मी नगर वार्ड निवासी कक्षा नौ के छात्र की मंगलवार को चंवर ताल में डूबने से मृत्यु हो गई है। वह अपने साथियों के साथ नहाने गया था। मृतक नरकटहा क्षेत्र के रानी लक्ष्मीनगर वार्ड निवासी जाबिर खान का इकलौता पुत्र 14 वर्षीय रेहान खान है। वह सुबह रतनसेन इंटर कालेज में पढ़ने गया था।
स्कूल से आने के बाद दोपहर डेढ़ बजे वह अपने कुछ साथियों के साथ जनियाजोत गांव के उत्तर चंवर ताल के पास नहाने चला गया। इसके तीन साथी नहाने लगे और यह सड़क पर खड़ा था, इतने में एक साथी को डूबता देख यह बचाने के लिए गहरे पानी में चला गया और साथी तो बच गया मगर वह स्वयं डूब गया। उसके डूबने पर लोगों ने पानी में काफी तलाश करने के बाद शाम चार बजे उसे मृत हालत में ताल में मिला। स्वजन के अनुरोध पर पोस्टमार्टम नहीं हुआ। मृतक अपने माता-पिता का इकलौती संतान था।


