महंगे दाम पर डीएपी खाद बेची तो रद होगा लाइसेंस
आगरा: डीएपी की कालाबाजारी की शिकायतों पर डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक में डीएम ने कहा कि कालाबाजारी या फिर महंगे रेट पर डीएपी बेचने पर विक्रेता का लाइसेंस रद किया जाएगा। सभी दुकानों की जांच होगी। गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि रबी की फसल के सापेक्ष खाद की कमी नहीं है। कुछ जगहों पर ठीक तरीके से वितरण न होने की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने कहा कि डीएपी को किसान स्टाक में न रखें। जितनी जरूरत उतनी ही ली जाए। उप निदेशक कृषि से कहा कि डीएपी और नैनो डीएपी के प्रति किसानों को जागरूक किया जाए।
गैर सरकारी खाद के विक्रेताओं को निर्धारित समय पर दुकानों के खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थोक विक्रेताओं द्वारा खाद के साथ- साथ शासन से निर्धारित वस्तुओं को छोड़कर अन्य किसी की भी बिक्री नहीं की जाएगी। न ही फुटकर विक्रेताओं पर इसे लेकर दबाव डाला जाएगा।


