संदिग्ध जानवर के हमले में 17 भेड़ों की मौत, छह घायल... जांच में पहुंची..
बस्ती। जिले के छावनी थाना क्षेत्र में जुवा गांव में शनिवार की रात भेड़ों की बाड़ में किसी जानवर ने हमला कर दिया, जिससे 17 भेड़ों की मृत्यु हो गई, जबकि छह भेड़ घायल हो गए। ग्रामीण इसे भेड़िया का हमला मान रहे हैं। उनका कहना है कि उन्होंने खेत में भेड़ियों के पैरों के निशान देखे हैं।
वहीं वन विभाग इसे भेड़ियों का हमला न मानकर आवारा कुत्तों की करतूत बता रहा है। इस घटना से ग्रामीण भयभीत हैं। पशु चिकित्साधिकारी हरैया डा. अबरार अहमद अंसारी, डा. दिनेश ने मौके पर पहुंचकर मृत भेड़ों के शव का पोस्टमार्टम किया। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय वन अधिकारी ने भी घटना का जायजा लिया।
नाल्हीपुर-अमारी मार्ग पर स्थित जुवा गांव में विनोद पाल भेड़ पालन करते हैं। विनोद ने बताया कि उनके बाड़े में 50 से ज्यादा भेड़ें हैं। घर पर वैवाहिक कार्यक्रम होने से वह रात में भेड़ों की रखवाली करने के लिए मौजूद नहीं थे। उनका कहना है कि उनके 17 भेड़ों की मृत्यु भेड़ियों के हमले में हुई है। कुछ भेड़ों का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला है। वहीं छह भेड़ें घायल हैं। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जांच-पड़ताल की। राजकीय पशु चिकित्सालय हरैया के पशु चिकित्सकों की टीम ने मृत व घायल भेड़ों की जांच की।


