बस्ती में सरकारी संपत्ति के नुकसान के मामले में 18 पर नामजद, जांच शुरू...
बस्ती। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गौर विकास खंड के ग्राम पंचायत गयाजीतपुर में सरकारी संपत्ति के नुकसान के मामले में पुलिस ने गांव के 18 लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है। विवेचक चौकी प्रभारी दुबौला राकेश कुमार मिश्र ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तहरीर देकर बताया था
ग्राम पंचायत के सचिव श्याम प्रकाश भारती ने बीते 26 सितंबर को कप्तानगंज पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव में पानी की निकासी के लिए ह्यूम पाइप का निर्माण कार्य चल रहा था। इसके अलावा खड़ंजे का निर्माण कराया जा रहा था। जिसको गांव के 18 लोगों ने मिलकर उखाड़ कर फेंक दिया। इससे सरकारी संपत्ति का नुकसान हुआ है।
पुलिस ने सचिव की तहरीर के बाद इस मामले में गंभीरता नहीं दिखाई। इसके बाद खंड विकास अधिकारी गौर के माध्यम से जांच आख्या उप जिलाधिकारी हरैया के पास पहुंची। उपजिलाधिकारी के निर्देश के बाद भी कप्तानगंज पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया।
मामला अपर जिला अधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रतिपाल सिंह चौहान ने कप्तानगंज पुलिस की इस लापरवाही और उदासीनता को पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी को पत्र लिखकर कार्रवाई की सिफारिश की थी।
18 लोगों पर
इस पत्र के जारी होने के बाद आनन- फानन कप्तानगंज पुलिस ने सरकारी पहुंचने के मामले संपत्ति को नुकसान पहुंचने में सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत गयाजीतपुर गांव के राजेश, दिलीप कुमार पुत्रगण घुमावन, रमेश कुमार, हरिश्चंद्र पुत्रगण दीपेश कुमार, मंजू देवी पत्नी नंदलाल, गुड़िया पत्नी राम संवारे, सुमित्रा पत्नी रमेश कुमार, उर्मिला पत्नी दीपेश कुमार, सुरेंद्र कुमार पुत्र बचन, मालती देवी पत्नी बेचन, मुस्कान, कुसुम पुत्री नंदलाल, लवकुश पुत्र ओम प्रकाश, सुमन पत्नी ओम प्रकाश, विकास पुत्र मदन लाल, रंजीत पुत्र वासुदेव, माला पत्नी रामजतन, मनीराम पुत्र छबिलाल के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया
प्रभारी निरीक्षक दीपक दुबे ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्य के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


