सर्पदंश से युवक की मौत; बंगाली तांत्रिक द्वारा जिंदा करने की अफवाह, उमड़ी भीड़
बस्ती। जिले में बंगाली तांत्रिक द्वारा सर्पदंश से मौत के बाद जिंदा करने का अफवाह का मामला सामने आया है।
![]() |
| सांकेतिक फोटो |
सर्पदंश से मृत युवक को एक बंगाली तांत्रिक द्वारा जिंदा कर दिए जाने की अफवाह पर सोनहा थाने के छपिया गांव स्थित श्मशान में रविवार को हजारों की भीड़ जुट गई। भीड़ जुटने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने समझा-बुझाकर भीड़ को हटाया।
छपिया निवासी राजू गौतम के पुत्र जीतू (18) की बीते रविवार को सर्पदंश से मौत हो गई थी। परिवारीजनों ने उसका शव गांव के बाहर स्थित श्मशान घाट पर मिट्टी खोदकर उसके नीचे ढंक दिया था। रविवार सुबह युवक के परिवारीजन कफन के टुकड़े को उसी स्थान पर रखने गए थे। श्मशान घाट पर भारी भीड़ जुटने की सूचना पाकर पहुंचे चौकी प्रभारी ने युवक के परिवारीजनों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि सांप डसने से मौत होने के कारण युवक के शव को मिट्टी खोदकर दबा दिया गया था।
परिवारीजनों ने पुलिस को बताया कि इस रविवार को वे लोग कफन के बचे टुकड़े को यहां डालने पहुंचे थे। कुछ ग्रामीणों ने कहा था कि कफन के कपड़े को घर में नहीं रखना चाहिए। अचानक अफवाह फैल गई और लोग जमा हो गए। परिवारीजनों ने बताया कि उन्होंने किसी बंगाली तांत्रिक से संपर्क नहीं किया है। मृत युवक को जिंदा किए जाने की बात सिर्फ अफवाह है।


